पटना: बिहार को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 के अवसर पर घोषणा की कि वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध का उत्पादन किया जाएगा। फिलहाल राज्य में रोजाना करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में इस उत्पादन को दोगुने से अधिक बढ़ाना है।

पटना में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन और डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सुधा के जरिए बिहार के उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में डेयरी क्षेत्र के विकास में कॉम्फेड और सुधा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुधा ने अपनी गुणवत्ता और विश्वसनीयता के दम पर देशभर में पहचान बनाई है। असम में एक लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाली प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी जल्द एक लाख लीटर क्षमता की प्रोसेसिंग यूनिट शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को भी सुधा के माध्यम से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा। मखाना की खीर और रबड़ी जैसे उत्पादों को बाजार में उपलब्ध कराने की पहल शुरू हो चुकी है। इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ दूध की खपत और उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
बकरी के दूध के संग्रहण का भी बनेगा नेटवर्क

सरकार गाय और भैंस पालन के साथ बकरी पालन को भी बढ़ावा देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण और विपणन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे ग्रामीण परिवारों को आय के नए अवसर मिलेंगे।

पशुपालन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं, जो पशुपालकों को जरूरी सहायता और मार्गदर्शन देंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2030 से पहले बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अब तक 50 लाख महिलाएं इस उपलब्धि को हासिल कर चुकी हैं।
हर प्रखंड में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र

पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य के प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे। इससे पशुओं के इलाज और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता आसान होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार की व्यवस्था सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा पशुधन से प्राप्त संसाधनों का इस्तेमाल जैविक खाद बनाने में किया जाएगा। बिहार सरकार ने कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) नीति भी बनाई है। इसके माध्यम से बायोगैस उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार एवं निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री गौधन योजना से बढ़ेगा दूध उत्पादन

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री गौधन योजना के तहत पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे पशुपालकों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने समस्तीपुर जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला बिहार में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी है। दूसरे जिलों को भी समस्तीपुर की सफलता से प्रेरणा लेकर डेयरी गतिविधियों को आगे बढ़ाना चाहिए।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के विजेता सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर कई पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने कॉम्फेड सहित देश के विभिन्न दुग्ध उत्पादक संघों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संबोधित किया। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए किसानों, पशुपालकों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने प्रेरणादायी पंक्तियों के साथ अपना संदेश दिया—”श्वेत क्रांति की धारा से हर आँगन में उजियारा हो, पशुपालक हों खुशहाल यहाँ, समृद्ध बिहार हमारा हो।”
सरकार का मानना है कि डेयरी, पशुपालन और बकरी पालन को बढ़ावा देकर न केवल दूध उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने और बिहार की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने का रास्ता भी तैयार किया जा सकता है।
