*प्रेस विज्ञप्ति* *आपदा प्रबंधन विभाग* *29 अगस्त, 2026* *नेपाल में फ्लैश फ्लड में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों का बिहार सरकार ने किया सुरक्षित रेस्क्यू, ट्रेन से महाराष्ट्र रवाना* नेपाल में आई आकस्मिक फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के लगभग 100 तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार द्वारा मानवीय एवं संवेदनशील पहल करते हुए सुरक्षित निकालकर उनके गृह राज्य के लिए रवाना किया गया। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के निर्देश तथा मुख्य सचिव, बिहार एवम् प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार के सतत पर्यवेक्षण में आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से सीतामढ़ी जिला प्रशासन द्वारा दिनांक 28 अगस्त, 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित एस्कॉर्ट कर सीतामढ़ी लाया गया। सीतामढ़ी में उनके लिए भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई। तत्पश्चात सभी तीर्थयात्रियों को दिनांक 29 अगस्त को प्रातः 02:30 बजे सीतामढ़ी से पटना लाया गया। जिला प्रशासन, पटना द्वारा उन्हें ओ०पी० साह सामुदायिक भवन, पटना में ठहराया गया तथा रात्रि में ही भोजन, आवासन, चिकित्सा जाँच एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। मुख्य सचिव, बिहार सरकार के स्तर से अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से समन्वय स्थापित कर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियाँ जोड़ी गईं। आज दिनांक 29 अगस्त को पूर्वाह्न 07:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को उक्त विशेष व्यवस्था के साथ ट्रेन द्वारा उनके गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए सुरक्षित एवं सकुशल रवाना किया गया। सुरक्षित एवं सम्मानजनक वापसी पर सभी तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार, सीतामढ़ी एवं पटना जिला प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता एवं समन्वित राहत प्रयासों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।


नेपाल फ्लैश फ्लड में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों का बिहार सरकार ने कराया सुरक्षित रेस्क्यू

नेपाल में आई अचानक फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने मानवीय पहल करते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए रवाना किया।

महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर मुख्यमंत्री बिहार के निर्देश तथा मुख्य सचिव और प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग के सतत पर्यवेक्षण में सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने 28 अगस्त को त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित एस्कॉर्ट कर सीतामढ़ी पहुंचाया। वहां उनके लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई।

इसके बाद 29 अगस्त की रात 2:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से पटना लाया गया। पटना जिला प्रशासन ने उन्हें ओ.पी. साह सामुदायिक भवन में ठहराया और भोजन, आवासन एवं चिकित्सा जांच सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्य सचिव के स्तर से रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से समन्वय कर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ी गईं। इसके बाद 29 अगस्त को सुबह 7:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए सुरक्षित रवाना किया गया।

तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार तथा सीतामढ़ी और पटना जिला प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता और समन्वित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।