18 जुलाई तक होगा रजिस्ट्रेशन, पहले दो चरणों में केवल GATE स्कोर वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

पटना: बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में एम.टेक (M.Tech) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 से शुरू हो रही है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने पोस्ट ग्रेजुएट इंजीनियरिंग एडमिशन काउंसलिंग (PGEAC)-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत वैध GATE स्कोर रखने वाले अभ्यर्थी 10 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

अभ्यर्थियों को BCECEB के PGEAC ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र में 19 जुलाई तक संशोधन किया जा सकेगा। रैंक कार्ड और काउंसलिंग कार्यक्रम 24 जुलाई को जारी किए जाएंगे। काउंसलिंग की तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।

इन संस्थानों में मिलेगा दाखिला

PGEAC-2026 के माध्यम से राज्य के कई सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रथम वर्ष के M.Tech पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से एमआईटी मुजफ्फरपुर, बीसीई भागलपुर, जीईसी वैशाली, जीसीई गया, केसीई कटिहार, जीईसी पश्चिमी चंपारण, सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, श्री फणीश्वर नाथ रेणु इंजीनियरिंग कॉलेज (अररिया), एनसीई चंडी, डीसीई दरभंगा तथा बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर, पटना शामिल हैं।

पहले GATE उम्मीदवारों को मिलेगा मौका

पर्षद के अनुसार काउंसलिंग के पहले दो चरण केवल वैध GATE स्कोर वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किए जाएंगे। यदि इन चरणों के बाद सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो शेष सीटों पर बी.टेक/बी.ई. में प्राप्त अंकों के आधार पर नामांकन किया जाएगा। इसके लिए अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी।

एक ही आवेदन से होगी पूरी प्रक्रिया

BCECEB ने स्पष्ट किया है कि M.Tech नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को केवल एक बार आवेदन करना होगा। इसी आवेदन के आधार पर सभी काउंसलिंग चरणों में सीटों का आवंटन किया जाएगा।

महत्वपूर्ण तिथियां

* ऑनलाइन आवेदन शुरू: 10 जुलाई 2026

* आवेदन की अंतिम तिथि: 18 जुलाई 2026

* फीस जमा करने की अंतिम तिथि: 18 जुलाई 2026

* आवेदन में संशोधन: 19 जुलाई 2026

* रैंक कार्ड व काउंसलिंग कार्यक्रम जारी: 24 जुलाई 2026