पटना : बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से आयोजित डीबीटी (Direct Benefit Transfer) कार्यक्रम में राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया है। राज्य सरकार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि अब से हर महीने की 10 तारीख को नियमित रूप से पेंशन की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने उन सभी पात्र लोगों से अपील की, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है लेकिन अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, कि वे जल्द आवेदन करें। उन्होंने यह भी कहा कि आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं होने के कारण जिन लोगों की पेंशन रुकी हुई है, वे शीघ्र आधार लिंक कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और बिहार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी कार्यक्रम से जुड़े।

 

You missed