भागलपुर : सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में शनिवार को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उपप्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, रतन कुमार पाठक सहित सभी आचार्यों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि बच्चों को खेलना स्वाभाविक रूप से पसंद होता है, लेकिन वर्तमान समय में खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है। खेल आज एक बेहतर करियर का माध्यम भी बन चुका है। खेल के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थी मेहनत और लगन के बल पर जीवन में तेजी से सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद देश के खेल प्रेमियों के लिए आदर्श और अनुकरणीय व्यक्तित्व हैं। उनके योगदान और खेल के प्रति समर्पण को याद करने के लिए प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से भी कई प्रयास किए जा रहे हैं। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे विद्यार्थियों में खेल के प्रति सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।
पारंपरिक खेलों में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्रों को विभिन्न पारंपरिक खेलों से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, जलेबी दौड़, पिट्ठू और रस्सी कूद सहित कई खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक सक्रियता के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, राजीव लोचन झा, अवधेश कुमार, कुमारी सविता, प्रभा झा, डॉ. संजीव कुमार झा, सिद्धार्थ कुमार सिंह सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
