पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड मेडिकल कॉलेजों का विकास किया जाएगा, ताकि राज्य में चिकित्सा शिक्षा और इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने विभागीय कार्यों, निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालयों एवं अस्पतालों की प्रगति तथा भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अनावश्यक रेफरल पर यथासंभव रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिला एवं अनुमंडलीय अस्पतालों में 15 अगस्त तक ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बिना जरूरत बड़े अस्पतालों में रेफर न करना पड़े। इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को दी गई है।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और लोगों को सुलभ, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय आधुनिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री निशांत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
