पटना :  अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने सोमवार को पटना के डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में भाग लिया। यह कार्यक्रम थियोसोफिकल छात्रावास, अरफाबाद जीडब्ल्यू छात्रावास, सैदपुर छात्रावास, ढेलवा गोसाईं छात्रावास एवं बाढ़ छात्रावास के पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा आयोजित किया गया था।

समारोह में विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित एवं नियुक्ति प्राप्त करने वाले सैकड़ों प्रतिभाशाली युवाओं को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और जनसेवा के प्रति समर्पित जीवन की शुभकामनाएं दीं।

बाबासाहब के सपनों को साकार कर रही है सरकार : मंत्री

अपने संबोधन में मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के ‘अंतिम व्यक्ति के विकास’ के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार धरातल पर उतार रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बिहार के सभी प्रखंडों में डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही ‘नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप’ योजना के तहत 123 मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए भेजा जा रहा है, जिस पर सरकार प्रति छात्र लगभग एक करोड़ रुपये तक खर्च करेगी।

शिक्षा ही सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत

मंत्री ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। राज्य सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक छात्रावास सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे माहौल का निर्माण करना है, जहां अधिक से अधिक छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

छात्रों ने जताया सरकार के प्रति आभार

कार्यक्रम के दौरान वर्तमान एवं पूर्ववर्ती छात्रों ने कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की सराहना की। छात्रों ने विशेष रूप से नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना को वंचित वर्ग के युवाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताया।

इसके अलावा हाल ही में छात्रवृत्ति राशि को दोगुना किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए छात्रों ने कहा कि इससे उनकी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई मजबूती मिली है। छात्रों ने माना कि विभागीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलता तो उनके लिए आज की उपलब्धियां हासिल करना काफी कठिन होता।

छात्रों की समस्याएं सुनकर कार्रवाई का भरोसा

कार्यक्रम के अंत में मंत्री लखेंद्र पासवान ने छात्रावास की आवश्यकताओं और छात्रों के सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उन पर त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।