पटना : रोहतास जिले की तेलकप ग्राम पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के अंतर्गत “नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार” श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर पंचायती राज विभाग, बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि को बिहार के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए मंत्री ने पंचायत के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर पंचायती राज विभाग, बिहार के निदेशक ने भी मुखिया को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा पंचायत सचिव एवं पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रशंसा की।

स्वच्छ पेयजल और सतत विकास पर सरकार का विशेष फोकस

मंत्री दीपक प्रकाश ने ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों एवं स्थानीय चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की। विशेष रूप से स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि तेलकप ग्राम पंचायत के कुछ वार्डों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता अभी भी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस समस्या के समाधान के लिए विभाग हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। मंत्री ने पंचायत को जनहित और सतत विकास के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य की अन्य ग्राम पंचायतों को भी तेलकप पंचायत से प्रेरणा लेनी चाहिए।

आत्मनिर्भर पंचायतें बनेंगी ग्रामीण विकास की नई ताकत

मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायतों को अपने आय स्रोत विकसित करने की दिशा में कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों की आत्मनिर्भरता से ग्रामीण विकास को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी तरीके से कार्य कर सकेंगी। वहीं, मुखिया अनीता टोप्पो ने इस सम्मान को जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि का उपयोग पंचायत में सभी वर्गों के हित में विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिला पंचायत संसाधन केंद्र द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अपनी क्षमता संवर्धन एवं योजनाओं के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण बताया।