पटना : पटना में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 9347 नए लाभुकों का चयन कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने चयन प्रक्रिया की घोषणा करते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं तकनीक आधारित रही। योजना के अंतर्गत 74 परियोजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों में से जिलावार लक्ष्य के अनुसार चयन किया गया।

विभिन्न वर्गों को मिला अवसर

औपबंधिक रूप से चयनित लाभुकों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 2000, अति पिछड़ा वर्ग के 2000, महिला वर्ग के 2000, युवा वर्ग के 2000, अल्पसंख्यक वर्ग के 1247 तथा दिव्यांगजन वर्ग के 100 लाभुक शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक कोटि एवं जिले के अनुसार 30 प्रतिशत आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में भी रखा जाएगा।

दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी होगी अंतिम सूची

उद्योग विभाग के अनुसार चयनित 9347 आवेदनों की स्क्रूटनी और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अंतिम चयन सूची उद्यमी पोर्टल पर प्रकाशित की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित लाभुकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा योजना की गाइडलाइन के अनुसार तीन किस्तों में लगभग 910.25 करोड़ रुपये की परियोजना राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना राज्य के युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि यह योजना युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बन रही है।

 

 

You missed