पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संकल्प सभागार में लोक सेवक आवास स्थित 11 सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने सभी प्रस्तावित टाउनशिपों की लोकेशन, भूमि उपलब्धता, आधारभूत संरचना विकास की वर्तमान स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टाउनशिप विकास योजना राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि शहरीकरण, आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और बेहतर आवासीय सुविधाओं के दृष्टिकोण से इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण, स्वीकृतियों और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आने वाली बाधाओं के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के पूर्ण होने से बिहार में सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और नागरिकों को आधुनिक जीवन-स्तर के अनुरूप बेहतर आवासीय एवं शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह तथा बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक निलेश रामचन्द्र देवरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
