पटना : बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग ने विश्वभर में रह रहे बिहार मूल के लोगों को राज्य के विकास, नवाचार, निवेश और तकनीकी प्रगति से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को विभागीय पोर्टल के माध्यम से इस नई पहल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज दुनिया के विभिन्न देशों, प्रतिष्ठित संस्थानों और अग्रणी संगठनों में अपनी विशेषज्ञता का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में उनके अनुभव, ज्ञान, सुझाव और निवेश क्षमता को राज्य के विकास से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले बिहारियों को अपनी जन्मभूमि के विकास में सक्रिय योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से वैश्विक बिहारी समुदाय राज्य सरकार के साथ सीधे जुड़कर अपने सुझाव, सहयोग प्रस्ताव, स्वयंसेवी योगदान और निवेश संबंधी प्रस्ताव साझा कर सकेगा।

तीन प्रमुख विकल्पों के माध्यम से होगी भागीदारी

पोर्टल पर सहभागिता के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां उपलब्ध कराई गई हैं—

1. चेंज मेकर (Change Maker)

इस श्रेणी के तहत इच्छुक व्यक्ति बिहार के विकास के लिए अपने विचार, सुझाव, विशेषज्ञता और नवाचार संबंधी प्रस्ताव साझा कर सकेंगे।

2. वॉलंटियर (Volunteer)

इस विकल्प के माध्यम से लोग राज्य के विभिन्न विकासात्मक, सामाजिक और तकनीकी अभियानों में स्वयंसेवी सहयोग प्रदान कर सकेंगे।

3. इन्वेस्टमेंट (Investment)

निवेशक और उद्यमी बिहार में उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से जुड़े अपने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकेंगे।

‘डिजिटल इंडिया’ के विजन को मिलेगी मजबूती

नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को आगे बढ़ाते हुए यह पहल वैश्विक बिहारी समुदाय की प्रतिभा, अनुभव, नवाचार और निवेश क्षमता को बिहार के विकास से जोड़ने का कार्य करेगी। इससे विकसित बिहार के निर्माण को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि बिहार AI Summit 2026 के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य से बाहर रह रहे बिहारवासियों से अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ जन्मभूमि के विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया था। उसी सोच को साकार करने के लिए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है।

स्वयं करेंगे पोर्टल की मॉनिटरिंग

मंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाले प्रत्येक सुझाव और प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल की मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे ताकि उपयोगी सुझावों को परिणामोन्मुखी बनाया जा सके। उन्होंने वैश्विक बिहारी समुदाय से इस पहल में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार के निर्माण में सभी बिहारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

नीतीश मिश्रा ने कहा, “बिहार की सबसे बड़ी पूंजी उसके लोग हैं। हमारा लक्ष्य वैश्विक स्तर पर कार्यरत बिहारियों के अनुभव, विशेषज्ञता और नवाचार की शक्ति को राज्य के विकास से जोड़ना है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म बिहार और विश्वभर में बसे बिहारियों के बीच एक सशक्त और स्थायी सेतु का कार्य करेगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैश्विक बिहारी समुदाय के सहयोग से बिहार को ज्ञान-आधारित, तकनीक-संचालित और नवाचार-प्रधान राज्य बनाने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।