भोजपुर : जल संसाधन विभाग, बिहार के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने गुरुवार को भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित जवनिया गांव में गंगा नदी के तट पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को एक माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गंगा नदी के लगातार हो रहे कटाव से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए चल रहे सुरक्षा एवं संरक्षण कार्यों पर संतोष जताया। अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर और दामोदरपुर (जवनिया) गांवों को कटाव से बचाने के लिए लगभग 1200 मीटर लंबाई में कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना के लिए ₹52.56 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है और वर्तमान में कार्य तेजी से जारी है।
डॉ. सिंह ने कहा कि मानसून की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कटाव निरोधी कार्यों को हर हाल में अगले एक माह के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अभियंताओं और संवेदकों को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद शाहपुर प्रखंड के गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर, जवनिया समेत आसपास के गांवों को गंगा नदी के कटाव से प्रभावी सुरक्षा मिलेगी और स्थानीय आबादी के साथ-साथ सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता, अन्य विभागीय पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
