रांची : राजधानी रांची की नदियों और जल स्रोतों को साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड-43 स्थित भुसूर नदी और वार्ड-36 स्थित डिबडीह नदी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने तथा नदी किनारे हुए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नदी में जमा गाद और जलकुंभी की सफाई पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने जेसीबी मशीनों के साथ-साथ श्रमिकों की मदद से मैन्युअल सफाई कार्य चलाने के निर्देश दिए, ताकि नदी की मूल धारा को पुनर्जीवित किया जा सके।

वहीं हरमू बाइपास क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने डीपीएस के समीप सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने भवनों से निकलने वाले ड्रेनेज के गंदे पानी को सीधे नदी या सड़क पर बहाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर निगम ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगाएगा। निगम का मानना है कि इस कदम से शहर के ड्रेनेज सिस्टम और जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान उपनगर आयुक्त रवींद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और स्वच्छता शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। नगर निगम की यह पहल रांची की नदियों के संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विकास कुमार उपाध्याय