रांची: राज्यसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले एनडीए ने रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में अपने विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा समेत गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के विधायक शामिल हुए। इस दौरान विधायकों को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और मॉक पोल के माध्यम से वोटिंग की तकनीकी बारीकियां समझाई गईं।

बैठक में खास तौर पर पहली बार निर्वाचित हुए विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी गलती न हो और कोई भी वोट अमान्य होने की स्थिति न बने। नेताओं ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हर वोट की अहम भूमिका होती है, इसलिए सभी विधायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

एनडीए नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी विधायक समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के पक्ष में मतदान करेंगे। बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, वोटिंग प्रबंधन और गठबंधन की एकजुटता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, विधायक सरयू राय सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में गठबंधन की सफलता को लेकर भरोसा जताया।

राज्यसभा चुनाव के मतदान में अब कुछ ही समय शेष है। ऐसे में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने विधायकों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। मतदान से पहले झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

विकास कुमार उपाध्याय