नगरनौसा (नालंदा) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगरनौसा प्रखंड की कछियावां पंचायत में भव्य तिरंगा भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कछियावां पैक्स के सौजन्य से किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी राजीव रंजन तिवारी एवं पैक्स अध्यक्ष रजनीकांत कुमार ने किया। इस दौरान बाइक रैली के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों का भ्रमण किया गया। रैली अकैड गांव से शुरू होकर सैदनपुर बाजार, भोभी बाजार, दरियापुर समेत विभिन्न गांवों से गुजरते हुए कछियावां पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान लोगों ने तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। साथ ही ग्रामीणों को तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
पंचायत के विभिन्न इलाकों से गुजरने के दौरान रैली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर राजेश कुमार, पप्पु कुमार, राजीव कुमार रंजन, टिंकू कुमार, सुकेश कुमार, रॉबिन्सन कुमार, राजकुमार कुमार, नीतीश कुमार, राहुल कुमार, मंटू कुमार, विक्की कुमार, नवीन कुमार, शैलेन्द्र कुमार, सेठ जी, शैलू कुमार, मनोहर कुमार, आशीष कुमार एवं गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कछियावां पंचायत में आयोजित इस तिरंगा बाइक रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम और एकता का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के जरिए एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।
