Beautiful Places to Visit in Jharkhand: अगर आप हर बार गोवा, मनाली या दूसरे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर जाकर बोर हो चुके हैं और इस बार कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो झारखंड आपके लिए शानदार डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। झारखंड में खूबसूरत पहाड़, झरने, घने जंगल, हरियाली और धार्मिक स्थल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यहां परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ सुकून के पल बिताने के साथ-साथ एडवेंचर का भी आनंद लिया जा सकता है।

झारखंड की खासियत यह है कि यहां प्रकृति और धार्मिक पर्यटन का अनोखा मेल देखने को मिलता है। आइए जानते हैं राज्य की कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में, जिन्हें आप अपनी अगली ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

देवघर

झारखंड की यात्रा हो और देवघर न जाएं, तो सफर अधूरा माना जा सकता है। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। धार्मिक महत्व के अलावा शहर और इसके आसपास कई ऐसे स्थान हैं, जहां पर्यटक घूमने का आनंद ले सकते हैं।

परिवार के साथ यात्रा के लिए भी देवघर अच्छा विकल्प है। अक्टूबर से मार्च के बीच यहां घूमने के लिए मौसम अनुकूल रहता है। हालांकि सावन के दौरान धार्मिक उत्साह चरम पर होता है, लेकिन इस समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी देखने को मिलती है।

पारसनाथ हिल्स

गिरिडीह जिले में स्थित पारसनाथ हिल्स झारखंड की सबसे ऊंची चोटी है। पहाड़ों, हरियाली और शांत वातावरण के बीच समय बिताने के लिए यह शानदार जगह है। ट्रैकिंग पसंद करने वाले लोगों के लिए भी पारसनाथ खास आकर्षण है।

यहां अक्टूबर से फरवरी के बीच घूमना बेहतर माना जाता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और ट्रैकिंग का अनुभव भी आरामदायक हो सकता है।

जमशेदपुर

स्टील सिटी के नाम से मशहूर जमशेदपुर अपनी हरियाली और खूबसूरत पर्यटन स्थलों के लिए भी जाना जाता है। शहर में कई शानदार पार्क और नेचर स्पॉट हैं, जहां परिवार के साथ समय बिताया जा सकता है।

एडवेंचर पसंद करने वाले पर्यटक यहां कयाकिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों का आनंद भी ले सकते हैं। अक्टूबर से फरवरी तक का समय जमशेदपुर घूमने के लिए बेहतर माना जाता है।

सिमडेगा

प्रकृति के बीच शांत और सुकून भरे पल बिताने की इच्छा है तो सिमडेगा को अपनी यात्रा सूची में जरूर शामिल करें। हरियाली और प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर यह इलाका कम भीड़ के कारण पर्यटकों को अलग अनुभव देता है।

यहां रिवर राफ्टिंग, ट्रैकिंग और नेचर हाइकिंग जैसी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकता है। बारिश के बाद सिमडेगा की प्राकृतिक खूबसूरती और भी निखर जाती है। अक्टूबर से फरवरी के बीच यहां घूमना काफी सुखद हो सकता है।

रजरप्पा मंदिर

रामगढ़ जिले में स्थित रजरप्पा मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां मां छिन्नमस्ता का प्रसिद्ध मंदिर है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

धार्मिक आस्था के साथ-साथ रजरप्पा का प्राकृतिक वातावरण भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। अगर आप अपनी यात्रा में आध्यात्मिकता के साथ प्रकृति का आनंद लेना चाहते हैं, तो रजरप्पा अच्छा विकल्प हो सकता है। अक्टूबर से फरवरी तक यहां घूमने के लिए मौसम आरामदायक रहता है।

दशम फॉल्स

रांची के नजदीक स्थित दशम फॉल्स झारखंड के प्रसिद्ध जलप्रपातों में शामिल है। ऊंचाई से गिरता पानी, आसपास की हरियाली और शांत वातावरण इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बना देते हैं।

बारिश के बाद झरने की खूबसूरती देखते ही बनती है। जुलाई से फरवरी के बीच यहां घूमने का अनुभव शानदार हो सकता है। हालांकि मानसून के दौरान पानी का बहाव तेज हो सकता है, इसलिए झरने के आसपास सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

हजारीबाग

हरियाली, जंगलों, झरनों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर हजारीबाग भी झारखंड में घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। अगर आपको ट्रैकिंग, कैंपिंग और प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद है, तो यह जगह आपको जरूर पसंद आएगी।

अक्टूबर से फरवरी तक मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहता है, जिससे आउटडोर एक्टिविटीज और आसपास के पर्यटन स्थलों को एक्सप्लोर करना आसान होता है।

इस बार झारखंड को बनाएं अपनी ट्रैवल डेस्टिनेशन

झारखंड उन लोगों के लिए शानदार विकल्प है, जो भीड़भाड़ वाले पारंपरिक पर्यटन स्थलों से हटकर प्रकृति, रोमांच और धार्मिक स्थलों का आनंद लेना चाहते हैं। पारसनाथ की पहाड़ियां, दशम फॉल्स की खूबसूरती, देवघर की धार्मिक आस्था और सिमडेगा की हरियाली आपकी यात्रा को यादगार बना सकती है।

अगर इस बार छुट्टियों में कुछ अलग देखने का मन है, तो गोवा-मनाली की जगह झारखंड को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।

अमृता कुमारी