नेपाल फ्लैश फ्लड में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों का बिहार सरकार ने कराया सुरक्षित रेस्क्यू
नेपाल में आई अचानक फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने मानवीय पहल करते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए रवाना किया।
महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर मुख्यमंत्री बिहार के निर्देश तथा मुख्य सचिव और प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग के सतत पर्यवेक्षण में सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने 28 अगस्त को त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित एस्कॉर्ट कर सीतामढ़ी पहुंचाया। वहां उनके लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
इसके बाद 29 अगस्त की रात 2:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से पटना लाया गया। पटना जिला प्रशासन ने उन्हें ओ.पी. साह सामुदायिक भवन में ठहराया और भोजन, आवासन एवं चिकित्सा जांच सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य सचिव के स्तर से रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से समन्वय कर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ी गईं। इसके बाद 29 अगस्त को सुबह 7:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए सुरक्षित रवाना किया गया।
तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार तथा सीतामढ़ी और पटना जिला प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता और समन्वित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
