रांची: राजधानी रांची के खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में 3 से 15 सितंबर 2026 तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। भर्ती रैली की तैयारियां 1 सितंबर से शुरू हो चुकी हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। भर्ती रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
12 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती
भर्ती रैली के दौरान 12 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। इनमें रेस्ट एरिया, खेलगांव फुटबॉल मैदान, हैंगर, टावर नंबर-3 और 4, स्टेडियम के आसपास का क्षेत्र, मेन गेट, मेडिकल जांच के लिए मेन गेट-2, गेट के बाहर, मेन रोड पर बैरिकेडिंग और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम भवन समेत अन्य स्थान शामिल हैं।
जरूरत के अनुसार कई स्थानों पर लाठी बल के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। अधिकारियों को अपने निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचकर ड्यूटी संभालने का निर्देश दिया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए पानी, टॉयलेट और बसों की व्यवस्था
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम स्थल की नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और डीटीटी छिड़काव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जल आपूर्ति विभाग को कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त वाटर टैप पॉइंट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को पेयजल के लिए परेशानी न हो।
ऑनलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए कंप्यूटर की व्यवस्था
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच के लिए पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और डेटा एंट्री ऑपरेटर उपलब्ध कराए जाएंगे। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से 10 डेटा एंट्री कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती का अनुरोध भी किया गया है।इसके अलावा भर्ती स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जेनरेटर, लाइट, पंखे और कूलर की व्यवस्था रखने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस रहेगी तैनात
भर्ती रैली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त मेडिकल व्यवस्था की गई है। पुरुष और महिला डॉक्टरों के साथ मेडिकल टीम, एंबुलेंस और कॉमन रूम की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने या किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगी विशेष नजर
भर्ती रैली के कारण शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस को विशेष ट्रैफिक रूट प्लान तैयार कर आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी विशेष निगरानी
जिला प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर अभ्यर्थियों को दलालों और ठगी करने वाले लोगों से सावधान करने के लिए प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है। पुलिस को खास तौर पर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों के साथ किसी तरह की ठगी या धोखाधड़ी न हो।
अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन की जरूरी अपील
* अपने मूल दस्तावेज सुरक्षित रखें।
* किसी बाहरी व्यक्ति या दलाल को पैसे न दें।
* सेना में भर्ती कराने के नाम पर दिए जा रहे किसी भी झांसे में न आएं।
* किसी भी तरह की ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
* भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचकर जिम्मेदारी संभालने तथा भर्ती रैली के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
विकास कुमार उपाध्याय
