मोतिहारी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित किसान समृद्धि सम्मेलन एवं बुद्धिजीवी, श्रमजीवी और समाजसेवी सम्मान समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मोतिहारी और चंपारण क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
बरियारपुर एयरपोर्ट के पास बनेगा मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। सांसद राधा मोहन सिंह के आग्रह पर शहर से दूर प्रस्तावित जमीन के बजाय बरियारपुर एयरपोर्ट के समीप जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसी जमीन पर मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।
20 करोड़ की लागत से बनेगा अटल कला भवन
मोतिहारी में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मोतिहारी से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भवन क्षेत्र में कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच प्रदान करेगा।

इसके साथ ही सांसद राधा मोहन सिंह के आग्रह पर शहर में केंद्रीय विद्यालय को नजदीक लाने की दिशा में भी प्रयास करने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया।
पुरानी चीनी मिलें होंगी पुनर्जीवित, नई मिल भी लगेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। मोतिहारी की पुरानी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के साथ नई चीनी मिल स्थापित करने की भी योजना है। इससे चंपारण के गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
चंपारण में मजबूत होगी एयर कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने चंपारण क्षेत्र में हवाई संपर्क को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने रक्सौल और वाल्मीकिनगर में एयरपोर्ट तथा मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट के विकास का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बरियारपुर में रात के समय भी हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ATC व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है।
JEE-NEET की तैयारी के लिए 700 केंद्रों पर सुविधा
मुख्यमंत्री ने बिहार के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी बड़ी योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्रों को JEE और NEET की तैयारी के लिए पटना, दिल्ली या कोटा जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए करीब 700 केंद्रों पर लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को तैयारी कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर रात के समय भी शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
1.70 करोड़ परिवारों का बिजली बिल शून्य

मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में करीब 1.90 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 1.70 करोड़ परिवारों का पिछले एक वर्ष से बिजली बिल शून्य आया है। उन्होंने इसे बिहार में बदलाव की बड़ी शुरुआत बताया।
छात्राओं की सुरक्षा के लिए करीब 1,000 ‘पुलिस दीदी’ टीमें
मुख्यमंत्री ने स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए करीब 1,000 टीमों का गठन किया गया है।
सभी वर्गों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसी दल या व्यक्ति को देखकर नहीं, बल्कि सभी वर्गों और परिवारों को समान रूप से दिया जा रहा है।
पांच प्रगतिशील किसान हुए सम्मानित

कार्यक्रम में किसान, बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी और मीडिया प्रतिनिधियों के सम्मान की पहल की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने सांसद राधा मोहन सिंह को उनके 77वें जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

किसान समृद्धि सम्मान समारोह में चंपारण के पांच प्रगतिशील किसानों राजेश्वर कुशवाहा, रीना देवी, राजेश कुमार यादव, प्रमोद कुमार कुशवाहा और रीतेश कुमार को अंगवस्त्र प्रदान कर कृषि क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी, पूर्वी चंपारण तथा बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी सम्मान समारोह आयोजन समिति, मोतिहारी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद सह पूर्व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, कला, संस्कृति एवं युवा सह खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
