पटना में राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने पुण्यतिथि पर समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया को दी श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प।
पटना : महान समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर सोमवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा, बिहार प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने डॉ. लोहिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया का पूरा जीवन सामाजिक विषमता, जातिगत भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए बीता। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार, सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए आजीवन प्रयास किया। उनके विचार भारतीय लोकतंत्र और समाजवादी आंदोलन की अमूल्य धरोहर हैं, जो आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय तभी सार्थक होगा, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा में शामिल होने का अधिकार मिलेगा। डॉ. लोहिया का विचार हमें यह संदेश देता है कि समानता केवल नारा नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प है। उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाना और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज एवं सुभाष चंद्रवंशी, प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन यादव सहित अंजलि, सिम्मी और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
