भागलपुर: बिहार के भागलपुर में आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। सेंट्रल मोहर्रम कमेटी एवं सरायकीला घाट मेला मैदान कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्री 108 दुर्गा पूजा महासमिति, भागलपुर के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए दिया गया।

सम्मान समारोह में सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, एडीएसओ दीपक कुमार और तातारपुर थाना अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल, अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू), कार्यकारिणी अध्यक्ष कन्हैया लाल एवं विनय कुमार सिन्हा, महासचिव जयनंदन आचार्य, कोषाध्यक्ष तरुण घोष और मीडिया प्रभारी विशाल कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों को सम्मान प्रदान किया गया।
सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश
सेंट्रल मोहर्रम कमेटी की इस पहल के माध्यम से आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव, एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया गया। इस पहल को भागलपुर की उस सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर रहते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
भागलपुर में आयोजित यह सम्मान समारोह सांप्रदायिक सद्भाव और साझा सांस्कृतिक परंपराओं की एक सकारात्मक मिसाल के रूप में सामने आया, जो समाज में प्रेम, सहयोग और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करता है।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
