पटना : बिहार में खेती को अधिक वैज्ञानिक, टिकाऊ और लाभकारी बनाने की दिशा में कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब 2 लाख 50 हजार मिट्टी के नमूनों का संग्रहण एवं वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा। केंद्र सरकार ने किसानों के हित में बिहार को 1 लाख अतिरिक्त मिट्टी नमूनों की जांच का लक्ष्य दिया है। इससे पहले राज्य के लिए 1.50 लाख नमूनों का लक्ष्य निर्धारित था।
इस संबंध में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने नवंबर 2026 में बिहार को अतिरिक्त लक्ष्य आवंटित किया है। इसके बाद चालू वित्तीय वर्ष में मिट्टी नमूनों की जांच का कुल लक्ष्य बढ़कर 2.50 लाख हो गया है।
अब तक 1.23 लाख नमूनों की जांच पूरी
कृषि मंत्री के अनुसार, निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अब तक राज्य में 1,38,678 मिट्टी नमूनों का संग्रहण किया जा चुका है। इनमें से 1,23,763 नमूनों का वैज्ञानिक विश्लेषण पूरा कर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया गया है। इस पहल के माध्यम से किसानों को अपने खेतों की मिट्टी की वास्तविक स्थिति और उसमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी मिल रही है।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड से किसानों को होगा फायदा
राज्य में केंद्र प्रायोजित मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता योजना का प्रभावी तरीके से संचालन किया जा रहा है। इसके तहत किसानों के खेतों से मिट्टी के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में उनकी जांच कराई जाती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किया जाता है। इसमें मिट्टी की गुणवत्ता और खेत के रकबे के अनुसार आवश्यक पोषक तत्वों एवं उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल की सलाह दी जाती है।
इससे किसान जरूरत के मुताबिक खाद और उर्वरकों का उपयोग कर सकेंगे। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के अनावश्यक इस्तेमाल में कमी आएगी और खेती की लागत घटाने में मदद मिलेगी। मिट्टी की उर्वरता सुरक्षित रहने के साथ फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में भी सुधार की उम्मीद है।
वैज्ञानिक खेती और मिट्टी संरक्षण पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ धरा, समृद्ध किसान’ के संकल्प को साकार करने के लिए बिहार सरकार मिट्टी की उर्वरता के संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई अनुशंसाओं के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें। इससे न केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी, बल्कि खेती की लागत भी नियंत्रित रहेगी।
मंत्री ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध किसान और टिकाऊ कृषि का आधार है। मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखना वर्तमान कृषि व्यवस्था के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि राज्य के अधिक से अधिक किसान वैज्ञानिक खेती अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें और कृषि को अधिक लाभकारी बना सकें।
