भागलपुर : स्वर्गीय अन्नपूर्णा देवी के सौजन्य से अमर दृष्टि नेत्रालय की ओर से वार्ड संख्या 21 के दीपनगर स्थित शंकर टॉकीज, हनुमान मंदिर (गंगा किनारा घाट) परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 21 और 22 के लगभग 70 से 100 स्थानीय लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड संख्या 21 के पार्षद एवं स्थायी समिति सदस्य मुख्य अतिथि संजय कुमार सिन्हा तथा डॉ. दीपक कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सागर हरि, विशाल कुमार, शशांक जायसवाल, अभिषेक कुमार, शंभू राय, वरुण पासवान, छोटू राय, प्रेम कुमार एवं प्रहलाद चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर में डॉ. हर्ष प्रियेश, राहुल अमीन, सोनू कुमार एवं अमित कुमार ने लोगों की आंखों की जांच कर अपनी सेवाएं दीं। वहीं, युवा साथी हर्ष कुमार और ऋतुराज कुमार ने आयोजन की व्यवस्था एवं संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग किया। शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाया।

इस मौके पर विशाल कुमार ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा पहुंचाना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति आंखों की जांच से वंचित न रहे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनकल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट