मुजफ्फरपुर/लखनऊ: देशभर में ‘केरल स्टोरी 2’ जैसी रीयल लाइफ कहानियां सामने आ रही हैं। बिहार में ऐसा नहीं है, ऐसा सोचने वालों के मुंह पर यह घटना करारा तमाचा है। यह सोचने वालों को अब गंभीरता से समझना होगा कि अब बिहार में भी ऐसा हो रहा है।

बिहार एसटीएफ (STF) ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उत्तर प्रदेश की दूसरे धर्म की एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने और शादी का झांसा देकर बिहार लाने का आरोप है। आरोपी की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी मोहम्मद नईमुल्लाह उर्फ आसिफ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की के परिजनों ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित चिनहट थाना में उसकी गुमशुदगी और अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से किशोरी से संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे उसे अपने प्रभाव में ले लिया।

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा दिया और उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया। मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उस पर नाबालिग से दुष्कर्म का भी आरोप है।

उत्तर प्रदेश पुलिस को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी। इसी बीच बिहार एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ की विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अपहृत नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों एवं न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।