कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव आज खत्म हो गया है। इस चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने सामने थे। अध्यक्ष पद के चुनाव का क्या नतीजा रहा, इसकी घोषणा अब 19 अक्टूबर को होगी। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में करीब 9500 डेलीगेट ने मतदान किया और लगभग 96 प्रतिशत मतदान हुआ। मधुसूदन मिस्त्री ने जानकारी दी कि मतदान के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

96 प्रतिशत रहा मतदान: कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान खत्म होने के बाद जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव खत्म होने के बाद 3 मतपेटियां प्राप्त हुई हैं। एआईसीसी यानी कांग्रेस मुख्यालय में 87 लोगों ने मतदान किया है। कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह समेत 87 डेलीगेट ने अपना वोट डाला। वहीं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कुल 561 सदस्यों में से 542 सदस्यों ने मतदान किया है।

सोनिया बोलीं- लंबे समय से था इंतजार
कांग्रेस मुख्यालय में मतदान के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थीं। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यहां कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर मतदान किया। वहीं राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से संबंधित कंटेनर वाले विश्राम शिविर में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। उनके साथ वहां उन लगभग 40 नेताओं ने भी मतदान किया, जो उनके साथ इस यात्रा में ‘भारत यात्री’ हैं। 

You missed