पटना : प्रसिद्ध विचारक एवं राजनेता, गुजरात के पूर्व राज्यपाल और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पटना स्थित आईसीएआर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और विचारों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी वर्ष से कैलाशपति मिश्र की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय बिहार की धरती के इस महान सपूत के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र का सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, विधायक मनोज कुमार, विधायक रत्नेश कुमार, विधान पार्षद संजय मयूख और पूर्व विधायक दिलमणी देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के व्यक्तित्व और समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।
