जंदाहा (वैशाली): बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने अपने गृह पंचायत स्थित बेस्ट मॉडल पब्लिक स्कूल, लोमा (जंदाहा), वैशाली में आयोजित खेलो इंडिया कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर विभिन्न खेल गतिविधियों में उनकी भागीदारी का जायजा लिया और उनका उत्साहवर्धन किया।

मंत्री लखेंद्र पासवान ने बच्चों के उत्साह और खेल के प्रति उनकी लगन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में संचालित खेलो इंडिया अभियान खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, उन्हें प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है।

मंत्री ने कहा कि बिहार के गांवों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन प्रतिभाओं को सही अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले युवा खिलाड़ी भविष्य में राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।