भागलपुर: सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी में बुधवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य ममता जायसवाल, अभिजीत आचार्य, शुभम कुमार तथा विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य ममता जायसवाल ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि बच्चों के संस्कार, निष्ठा और कर्तव्य पथ के सर्वोच्च मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के दिन महर्षि वेदव्यास की जयंती मनाई जाती है। महर्षि वेदव्यास भगवान विष्णु के अंशावतार माने जाते हैं और उन्हें समस्त गुरुओं का आदिगुरु माना जाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के अन्य आचार्यों एवं दीदी जी ने भी महर्षि वेदव्यास के जीवन, उनके योगदान और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने सभी आचार्यों, दीदी जी एवं कर्मचारियों का तिलक लगाकर स्वागत और सम्मान किया।

भैया-बहनों ने महर्षि वेदव्यास के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा गुरुजनों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर शशि भूषण मिश्र, आभाष कुमार, ऋषि देवाशीष, सुजीत कुमार, शशिकांत गुप्ता, सुबोध ठाकुर, संजीव ठाकुर, गोपाल प्रसाद सिंह, साक्षी कुमारी, मोनालिसा, नेहा कुमारी, कविता पाठक, खुशबू कुमारी, अनीता देवी, सुलेखा देवी, मनीष कुमार एवं रंजीत कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
