दरभंगा/पटना : दरभंगा जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और सकरी एवं रैयाम में शुरू हो रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान-2026’ चलाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को गन्ने की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और उन्हें हर स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक (ईख विकास) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सकरी और रैयाम चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने का रकबा बढ़ाने तथा किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई।

इससे पहले 2 जुलाई को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर अभियान समितियों को सक्रिय कर किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गन्ना क्षेत्र विस्तार और किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाएंगे।

अभियान के दौरान अधिकारी सीधे गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे। किसानों को उन्नत गन्ना खेती की तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। खेती के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का समाधान मौके पर ही किया जाएगा।

जिला प्रशासन का मानना है कि चारों विभागों के समन्वित प्रयास, व्यापक जन-जागरूकता और समय पर तकनीकी सहायता से दरभंगा में गन्ने का उत्पादन तेजी से बढ़ेगा। इससे नई चीनी मिलों को पर्याप्त कच्चा माल मिलेगा और किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।