पटना : मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर की अध्यक्षता में राज्य के विभिन्न नियुक्ति एवं चयन आयोगों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्य सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग तथा बिहार कर्मचारी चयन आयोग सहित अन्य आयोगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समीक्षा बैठक के दौरान राज्य में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोगों से महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए गए।

अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने सभी आयोगों को निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में उच्चतम स्तर की पारदर्शिता, समयबद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक एवं तकनीकी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुचारु परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन हेतु आवश्यक सुधारात्मक एवं संस्थागत कदम उठाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।