समस्तीपुर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड स्थित चकोटी मठ के प्रसिद्ध 24 अवतार धाम पहुंचे। यहां आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव-सह-विष्णु महायज्ञ एवं संत महाकुंभ कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने भगवान श्री महाविष्णु के 24 अवतारों सहित अन्य विग्रहों की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने चकोटी मठ परिसर में स्थापित 24 अवतार धाम का शिलापट्ट अनावरण कर उसका औपचारिक लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चकोटी मठ का यह 24 अवतार धाम भविष्य में देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण को मजबूत बनाते हैं।

चकोटी मठ पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत राम सेवक दास शास्त्री ने फूलों की विशाल माला और पाग पहनाकर किया। वहीं शांभवी चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मठ के सेवादारों और श्रद्धालुओं ने मखाना माला, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विजय कुमार चौधरी, निशांत कुमार, दामोदर रावत, महेश्वर हजारी, राजेश कुमार सिंह, अश्वमेघ देवी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।