पटना : बिहार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) को मजबूत करने का संकल्प दोहराया है। गांधी मैदान में आयोजित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित गृह रक्षकों के पारण परेड समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सशक्त और आधुनिक गृह रक्षा वाहिनी सुरक्षित, विकसित और समृद्ध बिहार की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने में पुलिस बल और बिहार गृह रक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और निवेश के लिए मजबूत कानून-व्यवस्था अनिवार्य है और प्रशिक्षित होमगार्ड जवान इस दिशा में अहम योगदान देंगे।
चुनावों में होमगार्ड की भूमिका की सराहना
मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव 2024 और विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान होमगार्ड जवानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में करीब 1.10 लाख होमगार्ड जवानों ने अपनी जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप कहीं भी पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। वहीं, विधानसभा चुनाव 2025 में लगभग 44 हजार जवानों ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दैनिक भत्ता बढ़ाकर 1121 रुपये किया गया

होमगार्ड जवानों के कल्याण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 3 सितंबर 2025 से उनका दैनिक भत्ता 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा बलों के हितों और सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और भविष्य में भी उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाती रहेगी।
अपराधियों के लिए बिहार में नहीं कोई जगह
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार के 13 करोड़ लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं है। सभी सुरक्षा एजेंसियां कानून का राज कायम रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास तैनात होंगी ‘पुलिस दीदी’

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास 5 हजार स्कूटी एवं मोटरसाइकिल से लैस ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी। इससे छात्राओं को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिलेगा तथा उनकी सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।
होमगार्ड को मिल रही विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार स्पेशल आर्म्ड फोर्स की तरह होमगार्ड जवानों को भी आधुनिक और उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों से राष्ट्रसेवा, अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाओं की महानिदेशक-सह-महादेष्टा शोभा ओहटकर ने नवनामांकित गृह रक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष कमांडो द्वारा आकर्षक प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
