रांची: इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के प्रबंध निदेशक (MD) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के झारखंड दौरे के दौरान रांची स्थित लालपुर शाखा का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय ग्राहकों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रबंध निदेशक अजय कुमार ने कहा कि इंडियन ओवरसीज बैंक झारखंड में अपनी बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। लालपुर शाखा के खुलने से क्षेत्र के ग्राहकों को आधुनिक बैंकिंग सेवाएं, डिजिटल बैंकिंग, ऋण सुविधाएं तथा अन्य वित्तीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

बैंक के एमडी अजय कुमार ने कहा कि इंडियन ओवरसीज बैंक का लक्ष्य ग्राहकों को भरोसेमंद, सुरक्षित और तकनीक आधारित बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने, वित्तीय समावेशन को मजबूत करने और छोटे व्यवसायों तथा उद्यमियों को सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

इस मौके पर बैंक अधिकारियों ने शाखा के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और आम ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की भी जानकारी दी गई।

लालपुर शाखा के उद्घाटन को रांची में बैंक के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।

अमृता कुमारी