पटना :  बिहार के कृषि क्षेत्र को आधुनिक, तकनीक आधारित और रोजगारोन्मुख बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा तेलंगाना के दौरे पर रवाना हुए। दौरे के दौरान तेलंगाना में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, आधुनिक तकनीकों और सफल प्रयोगों का अध्ययन किया जाएगा तथा बिहार में उनकी उपयोगिता और संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कृषि मंत्री के साथ कृषि विभाग के प्रधान सचिव, कृषि निदेशक एवं उद्यान निदेशक भी दौरे में शामिल रहेंगे। इस दौरान तेलंगाना के कृषि मंत्री, कृषि विभाग के सचिव और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कृषि, सिंचाई, फसल विविधीकरण, डिजिटल कृषि, कृषि प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली जाएगी।

कृषि क्षेत्र में सफल प्रयोगों को समझने पर जोर

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार और तेलंगाना की कृषि परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन दोनों राज्यों की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना है। तेलंगाना में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे सफल प्रयोगों और नवाचारों को समझकर बिहार की परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी तकनीकों और मॉडलों को अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

दौरे के दौरान तेलंगाना में स्थित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कृषि संस्थानों का भी भ्रमण किया जाएगा। इन संस्थानों में हो रहे अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी लेकर बिहार में उनके उपयोग की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।

उन्नत बीज उत्पादन पर विशेष फोकस

कृषि मंत्री ने कहा कि तेलंगाना में बीज उत्पादन एवं बीज विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण और उन्नत बीज कृषि उत्पादकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में भी गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों को उन्नत किस्मों के बीज समय पर उपलब्ध कराने तथा बीज उत्पादन एवं प्रसंस्करण से जुड़े रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तेलंगाना की उपयोगी पहलों को बिहार की परिस्थितियों के अनुरूप लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन इस दौरे का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

बिहार के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मिथिला मखाना, शाही लीची, जर्दालू आम, कतरनी धान, मगही पान और मर्चा धान जैसे बिहार के विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना जरूरी है।

इसके लिए प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। तेलंगाना के अनुभव इस दिशा में बिहार के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

सिंचाई से लेकर कृषि उद्यमिता तक नई संभावनाओं पर मंथन

इस दौरे के माध्यम से कृषि तकनीक, सिंचाई एवं जल प्रबंधन, बागवानी, कृषि प्रसंस्करण, FPO आधारित मूल्यवर्धन, कृषि उद्यमिता और निर्यात के क्षेत्र में नई संभावनाओं को तलाशने की कोशिश की जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर बाजार व्यवस्था से किसानों को जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। तेलंगाना के सफल मॉडलों का अध्ययन कर बिहार में उपयोगी पहल को आगे बढ़ाने से किसानों की उत्पादकता, आय और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।