दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दरभंगा के शोभन में एम्स बनाने को लेकर केंद्र से मंजूरी आ गई है। केंद्र सरकार की ओर से दरभंगा एम्स की ऊंचाई जो पहले से निर्धारित थी, उसको और बढ़ाने के लिए कहा गया है, हम उसको और बढ़ा रहे हैं। दरभंगा में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतश कुमार ने ये जानकारी दी। नीतीश कुमार ने कहा कि इससे शहर का काफी विस्तार भी हो जाएगा। पटना के बाद बिहार में दूसरा एम्स दरभंगा में बनेगा, जिसके लिए शोभन में जमीन चिह्नित कर ली गई है।

दरभंगा में बिहार का दूसरा AIIMS

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 194.08 करोड़ रुपए की लागत से 400 शैय्या के सर्जिकल ब्लॉक सहित विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एम्स स्थापित करने के लिए शोभन काफी अच्छी जगह है, जिसको हम लोगों ने चिन्हित किया है। वहां आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टविटी है, जहां लोग आसानी से पहुंच सकते हैं। शोभन में एम्स बनने से दरभंगा शहर का विस्तारीकरण भी होगा।

दरभंगा एम्स पर क्या बोले नीतीश?

नीतीश कुमार ने कहा कि एम्स के निर्माण के लिए केंद्र सरकार का पत्र आया है, उसके अनुरूप स्थल को विकसित किया जाएगा। जमीन को और ऊंचा किया जाएगा। फोरलेन भी बनवा रहे हैं। इतना अच्छा हो जाएगा कि सब लोग देखते रह जाएंगे। हम लोग तेजी से काम करके केंद्र सरकार को भेज देंगे। अब केंद्र सरकार भी इस पर सहमत हो गई है। आप देखिएगा कि नेपाल समेत हर जगह से यहां लोग इलाज कराने के लिए आएंगे।

DMCH को भी किया जा रहा विकसित

दरभंगा दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री ने 2742.04 करोड़ रुपए की लागत से दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल को पुनर्विकसित करने की योजना के तहत प्रति वर्ष 250 नामांकन के शैक्षणिक भवन और 2100 शैय्या के अस्पताल के साथ राजकीय महारानी रामेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान, मोहनपुर के निर्माण का शिलान्यास किया।

You missed