नई दिल्ली: 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में बिहार ने अपनी गौरवशाली विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और विकास की नई संभावनाओं को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन रविवार, 16 नवंबर को बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार एवं दिल्ली में बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव पलका साहनी भी मौजूद रहीं।

उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने बिहार पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं स्थानीय औद्योगिक उत्पादों की सराहना की।
इस वर्ष व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ (Development and Heritage) रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप बिहार पवेलियन को सजाया गया है। यहां राज्य की ऐतिहासिक पहचान, लोक संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक औद्योगिक विकास की झलक एक ही परिसर में देखने को मिल रही है।
बिहार में निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रही सरकार

उद्घाटन के अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार सभी आगंतुकों और निवेशकों को बिहार पवेलियन आने के लिए आमंत्रित करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल नीतिगत ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग विशेषज्ञों से बिहार के औद्योगिक इकोसिस्टम को करीब से समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है।

कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार पवेलियन में राज्य की कला, हस्तशिल्प और संस्कृति के साथ-साथ उद्योग एवं निवेश की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। बिहार की पहचान और उपलब्धियों को सामने लाने के लिए यहां विशेष बिहार म्यूजियम गैलरी बनाई गई है। इसके अलावा निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उद्योग एवं निवेश से संबंधित अलग स्टॉल भी लगाया गया है।
55 से अधिक स्टॉल पर बिहार के उत्पादों का प्रदर्शन
बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इस बार बिहार पवेलियन में 55 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से राज्य की विरासत से जुड़ी वस्तुओं, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय औद्योगिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बिहार के उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच दिलाना है। साथ ही उन्हें अपने उत्पादों के लिए नए ग्राहक तलाशने और बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर भी उपलब्ध कराना है।
विरासत के साथ आधुनिक विकास का संगम
इस वर्ष बिहार पवेलियन में पारंपरिक विरासत को आधुनिक औद्योगिक संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है। यहां आने वाले आगंतुकों को बिहार की सांस्कृतिक पहचान, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक विकास और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी मिल रही है।
बिहार पवेलियन केवल राज्य की संस्कृति और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी बन रहा है। इसके जरिए बिहार को निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने और स्थानीय उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
