नगरनौसा (नालंदा): नगरनौसा प्रखंड के उस्मानपुर लोदीपुर स्थित मगध विद्यापीठ प्लस टू स्कूल परिसर में संचालित होने वाले प्रस्तावित नगरनौसा डिग्री कॉलेज की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्लासरूम, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कॉलेज का नियमित संचालन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डीएम ने अधिकारियों से कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

छात्राओं के लिए चलेगी पिंक बस

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पिंक बस सेवा शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ को बस का रूट चार्ट तैयार करने तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और संबंधित प्रधानाध्यापक को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

66 छात्रों का हो चुका है नामांकन

कॉलेज के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि अब तक कुल 66 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है। इनमें हिंदी में 30, इतिहास में 17, पॉलिटिकल साइंस में 16, अंग्रेजी में 2 और इकोनॉमिक्स में 1 छात्र-छात्रा शामिल हैं।

स्थानीय छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

नगरनौसा में डिग्री कॉलेज शुरू होने के बाद क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और नगरनौसा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद पासवान, बीडीओ ओमप्रकाश कुमार, सीओ सत्येन्द्र कुमार, बीईओ राजीब रंजन तिवारी, थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, प्रधानाध्यापक संजय कुमार, बीआरसी लेखपाल आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट

You missed