पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वैशाली जिले में निर्माणाधीन कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नीतीश सेतु के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक मंगल पांडेय, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
