नालंदा : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नालंदा जिले के जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नालंदा जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के मुख्यमंत्री की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, आवास निर्माण पूरा कर चुके लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए आवास की प्रतीकात्मक चाबी एवं शुभकामना पत्र सौंपे गए।
पांच लाभार्थियों को मिला स्वीकृति पत्र
नालंदा समाहरणालय, बिहारशरीफ स्थित न्यू एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पांच लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

स्वीकृति पत्र पाने वालों में बिहारशरीफ प्रखंड के पचौड़ी पंचायत अंतर्गत नवीनगर की श्रीमती रिकु कुमारी, नूरसराय प्रखंड के वाराखुर्द पंचायत की श्रीमती सुनीता देवी एवं श्रीमती रेनु देवी, वेन प्रखंड के आरावां पंचायत अंतर्गत खेदू बिगहा निवासी श्री मनोज गोप तथा वेन प्रखंड के बारा पंचायत अंतर्गत गंगटी निवासी श्री लालमुनि कुमार शामिल हैं।
पांच परिवारों को मिली गृह प्रवेश की चाबी
आवास निर्माण पूरा कर चुके पांच लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी और शुभकामना पत्र भी प्रदान किया गया।इनमें बिहारशरीफ प्रखंड के हरगावां पंचायत की श्रीमती टुन्नी देवी एवं श्रीमती भूखनी देवी, कोरई पंचायत के महानंदपुर निवासी श्री सुधीर कुमार, कोरई निवासी श्री अरविंद कुमार तथा तुंगी पंचायत की श्रीमती गीता देवी शामिल हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
न्यू एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में श्री कौशलेन्द्र कुमार, सांसद, श्रीमती उदिता सिंह, जिला पदाधिकारी, नालंदा, श्री राजू यादव, पूर्व विधान पार्षद, श्री राजेन्द्र प्रसाद, प्रतिनिधि, ग्रामीण विकास मंत्री, बिहार तथा श्री अजीत कुमार प्रसाद, निदेशक, डीआरडीए, नालंदा सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
पक्के आवास से मजबूत हो रहा जरूरतमंद परिवारों का जीवन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिलने से गरीब परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, आवास निर्माण पूरा होने के बाद चाबी मिलने से लाभार्थियों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान, स्थायित्व और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हो रही है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
