पटना : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा नागपुर में आयोजित होने वाले मध्य भारत के प्रमुख कृषि आयोजन ‘एग्रोविजन-2026’ में शामिल होंगे। इस दौरान कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल से खेती को अधिक उन्नत, वैज्ञानिक और लाभकारी बनाने पर मंथन होगा।

एग्रोविजन-2026 में शामिल होने से पहले नागपुर प्रवास के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात में कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग और नवाचार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान AI तकनीक, ड्रोन के इस्तेमाल, सटीक सिंचाई व्यवस्था, मौसम आधारित पूर्वानुमान, डिजिटल प्लेटफॉर्म और स्मार्ट मंडियों जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इन तकनीकों के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

AI और स्मार्ट तकनीक होगी एग्रोविजन-2026 की थीम

नागपुर में आयोजित एग्रोविजन-2026 का मुख्य विषय ‘Building Integrated Agri-Ecosystems through AI & Smart Technologies’ रखा गया है। यह सम्मेलन कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

इस कृषि महाकुंभ में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और उद्यमियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि खेती की नई तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हो सके। बिहार के कृषि मंत्री की इस आयोजन में भागीदारी से राज्य में आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार, नवाचार को प्रोत्साहन और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।