पटना : बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समारोह के दौरान आईएसओ प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि तरुण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर को यह प्रमाणपत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बिपार्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रमाणपत्र संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की यह मान्यता दर्शाती है कि बिहार की संस्थाएं अब वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि बिपार्ड राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर सुशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान में पूरे वर्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण की व्यवस्था उपलब्ध रहती है, जिससे प्रशासनिक दक्षता और सेवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बिपार्ड, पटना और गया दोनों परिसरों की प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक, नवीन प्रबंधन पद्धतियों और प्रशासनिक नवाचारों को प्रशिक्षण का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल और पाठ्यक्रमों को चरणबद्ध तरीके से सशक्त किया जाए, ताकि दोनों संस्थान राज्य में क्षमता निर्माण और सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र बन सकें।

गौरतलब है कि इससे पहले बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को भी ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र मिल चुका है। बिपार्ड, पटना को यह प्रमाणपत्र मिलने के साथ ही बिहार में गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को नई पहचान मिली है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आईएसओ प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।