पटना : बिहार में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को पटना में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कृषि भवन, मीठापुर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त अरविंद कुमार चौधरी ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कृषि रोड मैप के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल, अपर सचिव अमित कुमार पांडे और उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बाजार समितियों के आधुनिकीकरण और जैविक खेती के विस्तार पर जोर

समीक्षा बैठक में चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत बाजार समितियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, जैविक कॉरिडोर के विस्तार, उद्यानिक फसलों के उत्पादन और उनके क्षेत्र विस्तार तथा कृषि वानिकी को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।

प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, मछली-मांस की बिक्री के लिए बनेंगे आधुनिक केंद्र

कृषि उत्पादन आयुक्त श्री अरविंद कुमार चौधरी ने प्राकृतिक खेती के विस्तार और किसानों को इसके प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने मछली और मांस की स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण बिक्री सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक बिक्री केंद्र (सेल प्वाइंट) विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा, बिहार में अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ाने और इस क्षेत्र में राज्य को अधिक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई।

सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक में कृषि रोड मैप से जुड़े विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

इस समीक्षा बैठक में कृषि विभाग के अलावा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन, ऊर्जा, राजस्व एवं भूमि सुधार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, उद्योग, गन्ना उद्योग, जल संसाधन, लघु जल संसाधन, ग्रामीण कार्य, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा सहकारिता विभाग के संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य चतुर्थ कृषि रोड मैप के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना, कृषि क्षेत्र में उत्पादन एवं विपणन सुविधाओं को बेहतर बनाना और किसानों की आय में वृद्धि के साथ बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है।

You missed