पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दो कृषि ज्ञान वाहनों सहित राज्य के सभी जिलों के लिए किसान जागरूकता वाहनों को रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन जागरूकता वाहनों के माध्यम से किसानों तक खरीफ मौसम से संबंधित योजनाओं, तकनीकी जानकारियों और कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है।

कृषि विभाग के अनुसार, जागरूकता वाहन किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, अनुदानित दर पर उपलब्ध कृषि उपादानों, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी देंगे। इसके साथ ही कृषि उपकरणों, प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के दौरान किसानों को ‘खेत बचाओ अभियान’, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। विभाग का मानना है कि इससे किसानों में वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और कृषि उत्पादन में सुधार होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद यादव, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, कृषि विभाग के निदेशक सौरभ सुमन यादव, निदेशक (उद्यान) अभिषेक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।