सीतामढ़ी : जानकी नवमी के पावन अवसर पर सीतामढ़ी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले के सर्वांगीण विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। कार्यक्रम का आयोजन पुनौराधाम में किया गया, जिसे माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है।

मां सीता मेडिकल कॉलेज और सीतापुरम शहर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सीतामढ़ी में निर्माणाधीन अत्याधुनिक अस्पताल का नाम “मां सीता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल” रखा जाएगा। यह संस्थान क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देगा और लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में “सीतापुरम” नाम से एक नया आधुनिक शहर बसाया जाएगा, जिसे राज्य सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। यह शहर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माता जानकी से जुड़े सभी धार्मिक स्थलों को पुनौराधाम से जोड़ा जाएगा, जिससे यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने बताया कि पहले इस परियोजना को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब इसे 31 दिसंबर 2028 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। अगले एक वर्ष में बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को बाहर जाने की जरूरत कम होगी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को जानकी नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां सीता के आशीर्वाद से बिहार तेजी से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है।
