पटना/नई दिल्ली : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बुधवार को बिहार भवन, नई दिल्ली में Google India के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग और डिजिटल नवाचार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बिहार सरकार की बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) नीति 2026 की जानकारी देते हुए राज्य में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए गूगल को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार डिजिटल परिवर्तन और तकनीकी निवेश के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है तथा राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में दोनों पक्षों ने बिहार के डिजिटल विकास को नई गति देने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने के लिए साझेदारी की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया। इस दौरान डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित समाधान विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री और गूगल इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में तकनीकी विकास और डिजिटल सशक्तिकरण के लिए दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

You missed