रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और सत्ता के सफर पर आधारित दो पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दोनों पुस्तकों की प्रतियां भेंट कीं।

यह मुलाकात रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनके राजनीतिक जीवन पर केंद्रित हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लिखी गई पुस्तकें सौंपी गईं।
हिंदी भाषा में प्रकाशित पुस्तक का शीर्षक ‘हूल से हेमंत तक — आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ है। वहीं, अंग्रेजी भाषा की पुस्तक का नाम ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ है।
दोनों पुस्तकों का प्रकाशन ‘और एक प्रयास’ संस्था द्वारा किया गया है। पुस्तकों में हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर, झारखंड की राजनीति, आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और सत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को केंद्र में रखा गया है।

इस अवसर पर लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और लक्ष्मी कुमारी ने मुख्यमंत्री को पुस्तकों की विषयवस्तु एवं उनके प्रकाशन से जुड़ी जानकारी दी। मुख्यमंत्री को उनके राजनीतिक जीवन पर आधारित इन दोनों पुस्तकों की प्रतियां भेंट की गईं।
विवेक कुमार यादव
