भागलपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भागलपुर के बाबा बूढ़ानाथ गंगा घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंग सेवा समिति की ओर से इस बार घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है। आकर्षक विद्युत रोशनी और पारंपरिक सजावट के बीच श्रद्धालुओं को यहां आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस बार घाट की सजावट में भागलपुर की प्रसिद्ध मंजूषा कला को विशेष स्थान दिया गया है। घाट की दीवारों पर मंजूषा कला के माध्यम से अंग क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को उकेरा गया है। इससे घाट की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं और श्रद्धालुओं को छठ पूजा के साथ स्थानीय कला-संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू) ने बताया कि अंग सेवा समिति की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। घाट पर जगह-जगह चेंजिंग रूम और कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। वहीं, खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संध्या अर्घ्य के बाद अंग सेवा समिति की ओर से भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
छठ व्रतियों के लिए विशेष सुविधाएं
श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों की सेवा के लिए समिति की ओर से कई विशेष इंतजाम किए गए हैं। इनमें खिचड़ी भोग के रूप में महाप्रसाद वितरण, चिकित्सा शिविर, छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क दूध, अगरबत्ती और माचिस का वितरण शामिल है। इसके अलावा भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा का पूजन और पूरे गंगा घाट परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट की व्यवस्था की गई है।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अंग सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। इस अवसर पर संजय कुमार सिन्हा (पार्षद एवं स्थायी समिति सदस्य), राजेश टंडन, प्रहलाद चौधरी, मनोज गुप्ता, विशाल कुमार, पार्थो घोष, दीपक कुमार, कैलाश हरी, शशांक जायसवाल, पप्पू शुक्ला, लव कुमार, वेद प्रकाश, गुड्डू राय, आलोक राय, विजय मंडल और अभिषेक आनंद सहित समिति के तमाम सदस्य अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
कुल मिलाकर, बाबा बूढ़ानाथ गंगा घाट इस बार छठ महापर्व पर श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी छटा बिखेरने के लिए तैयार है। मंजूषा कला की खूबसूरती, गंगा महाआरती और श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं इस घाट को छठ पूजा के दौरान आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाएंगी।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
