पटना: जनसुनवाई के दौरान एक फरियादी की शिकायत पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की। सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र से आए फरियादी ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मिलने वाली अनुदान राशि जारी करने के बदले जिला कल्याण कार्यालय में कार्यरत डेटा ऑपरेटर चंदन कुमार रिश्वत की मांग कर रहा है।
जनसुनवाई के दौरान फरियादी ने मंत्री के समक्ष अपनी शिकायत रखी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मंत्री लखेंद्र पासवान ने तत्काल मामले की पुष्टि कराई। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद उन्होंने बिना किसी विलंब के जिला कल्याण पदाधिकारी, सीतामढ़ी को संबंधित डेटा ऑपरेटर के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मंत्री लखेंद्र पासवान ने स्पष्ट कहा कि सरकार गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों के अधिकारों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी अवैध वसूली और बाधा के पहुंचे। उन्होंने दो टूक कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है और यह संदेश देती है कि जनहित की योजनाओं में रिश्वतखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
