भागलपुर: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अलंकृत पांडेय ने की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, नगर निगम की तैयारियों और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद यादव, सिटी एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी सिटी सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।

पूजा समितियों ने प्रशासन के सामने रखीं समस्याएं

दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू), संरक्षक कमल जायसवाल, डॉ. आनंद मिश्रा, भगवान यादव और महामंत्री जयनंदन आचार्य ने पूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।

महासमिति के कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैया लाल और विनय कुमार सिन्हा ने भी पूजा समितियों को होने वाली परेशानियों से जिला प्रशासन को अवगत कराया। बैठक में विशेष रूप से बिजली व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई। महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल ने बिजली, यातायात और नगर निगम से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्रशासन के सामने रखा।

इस बार करीब 11 दिनों तक चलेगा दुर्गा पूजा आयोजन

महासमिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू) ने प्रशासन को इस वर्ष दुर्गा पूजा के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न पूजा स्थलों पर तिथि और पूजा-विधि के अनुसार सप्तमी, अष्टमी और नवमी की व्यवस्थाओं में अंतर रहेगा। इसके चलते इस वर्ष पूजा एवं इससे जुड़े आयोजनों की अवधि करीब 11 दिनों तक रहने की संभावना है।

बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग

बैठक में प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए कृत्रिम तालाब की व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महासमिति की ओर से बताया गया कि वर्तमान कृत्रिम तालाब की बनावट स्विमिंग पूल जैसी होने के कारण बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन में पूजा समितियों को काफी परेशानी होती है।

महासमिति ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि बड़ी प्रतिमाओं के सुरक्षित और सुगम विसर्जन को ध्यान में रखते हुए विसर्जन घाट पर आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

महिला पदाधिकारियों की भागीदारी की एसएसपी ने की सराहना

बैठक में दुर्गा पूजा महासमिति की महिला पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी भी देखने को मिली। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद यादव ने महिला पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की इतनी बड़ी भागीदारी सकारात्मक संकेत है और इससे उम्मीद है कि दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

बैठक में महासमिति के मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, ई. रवि कुमार, गुड्डू राय, संगीता तिवारी, सुनंदा रक्षित, पिंकी बाजोरिया, रूपा शाह, सीमा जायसवाल, इंजीनियर मिथिलेश, डॉ. दिनेश, मनीष सिंह, शंभूनाथ भगत, शशांक जायसवाल, निशा पासवान, ब्रह्मदेव शाह, देबू दा, बब्बन दा, भोला मंडल और प्रतीक साह समेत महासमिति के अन्य पदाधिकारी, समाज के गणमान्य एवं बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा नाथनगर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पप्पू यादव, भावेश यादव और देवाशीष बनर्जी, अंजुमन कमेटी, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी तथा जिले की विभिन्न शांति समितियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट