नगरनौसा (नालंदा) : नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में बुधवार को पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर पर ढोल-नगाड़े के साथ इश्तेहार चस्पा किया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई, ताकि आरोपी जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करे।
नगरनौसा थाना कांड संख्या 96/26 के नामजद आरोपी मणिशंकर कुमार, निवासी अख्तियारपुर, लंबे समय से फरार चल रहे हैं। थाना प्रभारी शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार आरोपी के घर के मुख्य द्वार पर इश्तेहार चस्पा कर निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश दिया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ढोल-नगाड़े के साथ की गई मुनादी के जरिए ग्रामीणों को भी आरोपी के फरार होने और न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार कुर्की-जब्ती (धारा 84 बीएनएसएस/पूर्व सीआरपीसी की संबंधित प्रक्रिया) की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
